दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। विशेष न्यायाधीश गिरीश दीक्षित की अदालत ने मोटर साइकिल चोरी के शक में हत्या करने के मामले में बेलखेड़ा निवासी सत्येंद्र पटेल और शिवकुमार गौंड को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही दोनों आरोपियों पर ढाई-ढाई हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया।
इस मामले में अभियोजन की ओर से विशेष लोक अभियोजक नविता पिल्लै ने अदालत में पक्ष रखा। अभियोजक ने बताया कि 16 अक्टूबर, 2022 को आरोपियों ने राकेश गौंड पर मोटर साइकिल चोरी का शक जताया और उसे पकड़ लिया। इसके बाद लाठी, बेल्ट और साइकिल के टायर से उसकी बुरी तरह पिटाई की, जिससे राकेश गंभीर रूप से घायल हो गया।
अंत में, आरोपियों ने घातक हथियारों से राकेश पर इतना प्रहार किया कि उसका लीवर फट गया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद बेलखेड़ा पुलिस ने हत्या सहित अन्य धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया था। अदालत ने आरोपियों को दोषी मानते हुए उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई।
Tags
jabalpur
