दैनिक सांध्य बन्धु नई दिल्ली। तेलुगु सुपरस्टार अल्लू अर्जुन की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। 4 दिसंबर की रात संध्या थिएटर में फिल्म पुष्पा 2 की स्क्रीनिंग के दौरान मची भगदड़ में एक महिला की मौत के मामले में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उन्हें नामपल्ली कोर्ट में पेश किया, जहां अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
अल्लू अर्जुन ने अपनी गिरफ्तारी के खिलाफ तेलंगाना हाई कोर्ट में याचिका दायर की है। अदालत ने इस मामले में जल्द सुनवाई का आश्वासन दिया है।
संध्या थिएटर में अल्लू अर्जुन की उपस्थिति से भारी भीड़ जमा हो गई थी। इस दौरान भगदड़ मच गई और पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। भगदड़ में 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उसका 13 वर्षीय बेटा घायल हो गया, जिसका इलाज अस्पताल में जारी है।
तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी ने कहा, "मुझे इस मामले की पूरी जानकारी लेने दीजिए, फिर मैं कुछ कहूंगा।"
भाजपा नेता टी. राजा सिंह ने गिरफ्तारी पर सवाल उठाते हुए कहा कि संध्या थिएटर के मालिक ने पहले ही पुलिस को सूचना दी थी। अगर पुलिस ने सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए, तो गलती किसकी है? उन्होंने इसे कानून और व्यवस्था की विफलता बताया।
पुलिस का कहना है कि अल्लू अर्जुन ने थिएटर में आने की जानकारी नहीं दी थी, जिससे हालात बिगड़े। हालांकि, थिएटर के मालिक ने बयान जारी कर पुलिस को पहले से सूचित करने की बात कही। इस मामले ने तेलंगाना की कांग्रेस सरकार को भी विपक्ष के निशाने पर ला दिया है।
तेलंगाना हाई कोर्ट में सुनवाई के बाद अल्लू अर्जुन की कानूनी स्थिति साफ होगी।
