Jabalpur News: जिला पेंशन कार्यालय बंद होने से पेंशनरों में आक्रोश, 18 दिसंबर को कलेक्ट्रेट के सामने करेंगे प्रदर्शन

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जिला पेंशन कार्यालय बंद करने के निर्णय ने बुजुर्ग पेंशनरों को भारी संकट में डाल दिया है। इस फैसले के विरोध में मध्य प्रदेश पेंशनर्स एसोसिएशन की जबलपुर शाखा ने 18 दिसंबर को कलेक्ट्रेट के सामने विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है।

मध्य प्रदेश पेंशनर्स एसोसिएशन की जबलपुर शाखा ने टाउन हॉल में बैठक आयोजित कर इस फैसले पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। पेंशनरों ने सरकार से मांग की है कि जिला पेंशन कार्यालय को बंद करने का निर्णय वापस लिया जाए। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग पेंशनरों के लिए भोपाल जाकर समस्याओं का समाधान कराना मुश्किल होगा, क्योंकि उनमें से कई 70 वर्ष से अधिक उम्र के हैं।

पेंशनरों ने बताया कि पेंशन संबंधी समस्याएं जैसे एरियर और अन्य मुद्दे पहले से ही लंबित हैं। जिला कार्यालय बंद होने से समस्याओं का हल और अधिक कठिन हो जाएगा। पेंशनर एचपी उरमालिया ने कहा कि सरकार को बुजुर्ग पेंशनरों के प्रति मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए यह फैसला वापस लेना चाहिए।

पेंशनर्स एसोसिएशन ने तय किया है कि 18 दिसंबर को दोपहर 2 बजे कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। एसोसिएशन का कहना है कि यदि सरकार ने उनकी मांगें नहीं मानीं, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post