दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना लार्डगंज क्षेत्र में आपसी रंजिश के चलते बहनोई ने साले पर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया। घायल विकास उर्फ भूरा कोरी (35) को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, विकास ने बताया कि वह लोडिंग ऑटो चलाता है। घटना 8 दिसंबर सुबह 9-10 बजे की है जब उसकी मुलाकात बहनोई रवि केवट से हुई। रवि ने शराब पिलाने की मांग की, जिसे विकास ने मना कर दिया। इससे नाराज होकर रवि घर चला गया।
शाम को करीब 7 बजे विकास रक्कू कोरी की दुकान से गुटका लेकर लौट रहा था। तभी रवि ने आपसी रंजिश के चलते हत्या की नीयत से तलवार से हमला किया। गर्दन पर वार करने की कोशिश में तलवार विकास के बाईं ओर कान के पीछे लगी, जिससे चोट आई। इसके बाद एक और वार किया, जिसे रोकने के दौरान उसके बाएं अंगूठे में चोट आई।
विकास की चीख-पुकार सुनकर शुभम कोरी और दीपक कोरी मौके पर पहुंचे। उन्हें देख आरोपी गाली-गलौज करते हुए भाग निकला। पुलिस ने धारा 296, 109 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर बहनोई रवि केवट की तलाश शुरू कर दी है।
