दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। युवक कांग्रेस और एनएसयूआई ने जबलपुर में निजी अस्पतालों द्वारा की जा रही अनियमितताओं और लूट के खिलाफ आवाज उठाते हुए विधानसभा में इस मुद्दे को उठाने की मांग की। इस सिलसिले में उन्होंने पूर्व विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री लखन घनघोरिया को ज्ञापन सौंपा।
युवक कांग्रेस और एनएसयूआई ने बताया कि जबलपुर शहर के निजी अस्पतालों में इलाज के नाम पर मरीजों और उनके परिजनों से मनमाने पैसे वसूले जा रहे हैं। यहां तक कि आयुष्मान कार्ड धारकों को भी इलाज के लिए अनावश्यक पैसे देने पड़ते हैं। आयुष्मान कार्ड से होने वाले इलाज की पूरी जानकारी न दिए जाने के कारण मरीजों और उनके परिजनों को भारी असुविधा होती है।
शासकीय अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी और उनकी अनुपस्थिति से मरीजों को इलाज के लिए मजबूरी में निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। युवक कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि कई निजी अस्पताल सरकार द्वारा तय मानकों पर खरे नहीं उतरते। इनमें आकस्मिक दुर्घटनाओं से निपटने के पर्याप्त साधन, एंबुलेंस, निशुल्क पार्किंग, और आवश्यक एनओसी का अभाव है।
विधायक लखन घनघोरिया ने युवक कांग्रेस और एनएसयूआई के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह एक गंभीर जनसमस्या है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मुद्दे को विधानसभा में उठाया जाएगा ताकि जबलपुर की जनता को निजी अस्पतालों की लूट से बचाया जा सके।
ज्ञापन सौंपते समय युवक कांग्रेस के प्रदेश महासचिव एडवोकेट कौशल यादव, एडवोकेट अजय चक्रवर्ती, श्रीकांत विश्वकर्मा, अमित मिश्रा, प्रतीक शुक्ला, अचलनाथ, प्रमोद पटेल, सचिन अग्रवाल, और नितिन अहिरवार आदि मौजूद थे।
