Jabalpur News: प्रतिबंधित स्टॉक पर निगम और प्रदूषण विभाग की बड़ी कार्रवाई, 50 लाख की पॉलिथीन जब्त, 1 लाख जुर्माना

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर नगर निगम और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने गुरुवार को करमेता स्थित एक फैक्ट्री पर छापा मारकर 50 लाख रुपये मूल्य की 40 टन प्रतिबंधित पॉलिथीन जब्त की। अमरनाथ पोलीमार्क नामक फैक्ट्री के संचालक नरेश बुधरानी पर 1 लाख 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

यह अमानक पॉलिथीन गुजरात से लाई गई थी और जबलपुर समेत आसपास के जिलों में सप्लाई की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान निगम की टीम ने मौके से भारी मात्रा में स्टॉक बरामद किया। अधिकारियों ने सख्त चेतावनी दी कि अगर दोबारा ऐसा स्टॉक पाया गया तो फैक्ट्री को सील कर दिया जाएगा।

नगर निगम आयुक्त प्रीति यादव को सूचना मिली थी कि वार्ड नंबर 73 स्थित फैक्ट्री में अवैध रूप से पॉलिथीन का भंडारण किया जा रहा है। सूचना पर स्वास्थ्य विभाग और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने छापेमारी कर प्रतिबंधित पॉलिथीन जब्त की।

जब्त पॉलिथीन को पांच डंपरों की मदद से करोंदा के कचरा प्लांट में पहुंचाकर नष्ट किया गया। निगम स्वास्थ्य अधिकारी संदीप कुमार जायसवाल ने बताया कि जब्त सामग्री को नष्ट कर यह सुनिश्चित किया गया कि इसका दोबारा उपयोग न हो सके।

अब निगम छोटे दुकानदारों के साथ-साथ फैक्ट्री मालिकों पर भी कार्रवाई तेज करेगा। संदीप जायसवाल ने बताया कि बाजार में प्रतिबंधित पॉलिथीन की समस्या समाप्त करने के लिए अब बड़े भंडारकों के खिलाफ जुर्माने और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री में बाथरूम और नालियां गंदी पाई गईं, जिस पर फैक्ट्री मालिक पर 10 हजार रुपये का अतिरिक्त जुर्माना लगाया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post