MP News: भाजपा को 15 जनवरी तक मिल सकता है नया प्रदेश अध्यक्ष, ये हैं दावेदार

दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का अगला प्रदेश अध्यक्ष कौन होगा, इस पर चर्चा जोरों पर है। प्रदेश भाजपा की कमान किसे सौंपी जाएगी, इसका फैसला 15 जनवरी तक होने की संभावना जताई जा रही है। इस पद के लिए कई दिग्गज नेताओं ने अपनी दावेदारी पेश की है।

प्रदेश अध्यक्ष के पद के लिए कई ब्राह्मण, ओबीसी और अनुसूचित जाति से आने वाले नेताओं के नामों की चर्चा हो रही है। कुछ विश्लेषकों का मानना है कि बीजेपी आलाकमान, विशेष रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह, इस बार भी किसी ऐसे चेहरे को चुन सकते हैं जो पार्टी की जीत सुनिश्चित करने में मददगार साबित हो।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के प्रमुख दावेदारों में शामिल हैं:

1. वीडी शर्मा - खजुराहो सांसद और वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा को पार्टी में एक शुभंकर माना जाता है। उनके कार्यकाल में पार्टी ने 2023 विधानसभा चुनाव में शानदार सफलता हासिल की और 2024 लोकसभा चुनाव में भी ऐतिहासिक जीत दर्ज की।

2. हेमंत खंडेलवाल - बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल का नाम भी चर्चा में है। वे कुशाभाऊ ठाकरे ट्रस्ट के अध्यक्ष भी हैं और संगठन में उनकी सक्रियता ने उन्हें इस पद के लिए एक मजबूत उम्मीदवार बना दिया है।

3. नरोत्तम मिश्रा - पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा, जो ब्राह्मण चेहरा माने जाते हैं, का नाम भी इस दौड़ में शामिल है। उन्होंने चुनाव हारने के बाद भी संगठन में सक्रिय भूमिका निभाई है और लोकसभा चुनाव में कांग्रेस नेताओं को भाजपा में शामिल कराया।

4. लाल सिंह आर्य - अनुसूचित जाति से आने वाले लाल सिंह आर्य का नाम भी चर्चा में है। वे दो चुनाव हारने के बावजूद संगठन में सक्रिय हैं और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का समर्थन भी उनके पक्ष में है।

5. फग्गन सिंह कुलस्ते - मंडला सांसद और आदिवासी चेहरा फग्गन सिंह कुलस्ते का नाम भी इस सूची में है। वे अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके हैं और उनके अनुभव ने उन्हें एक महत्वपूर्ण दावेदार बना दिया है।

6. सुमेर सिंह सोलंकी - राज्यसभा सांसद और युवा आदिवासी नेता सुमेर सिंह सोलंकी का नाम भी प्रदेश अध्यक्ष के पद के लिए प्रबल दावेदारों में है। उनका संघ से जुड़ाव उनकी दावेदारी को और मजबूत करता है।

इसके अलावा, हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा, देवास सांसद महेन्द्र सोलंकी, पूर्व विधायक अरविंद भदौरिया, सागर सांसद लता वानखेड़े, बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनीस और सीधी विधायक रीति पाठक के नाम भी इस दौड़ में शामिल हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post