MP News: पुश्तैनी जमीन के बंटवारे पर खूनी संघर्ष, ग्वालियर में भाई ने किया भाई का मर्डर, भतीजे की हालत नाजुक

दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर। ग्वालियर के गुठीना-बहादुरपुर गांव में मंगलवार को पुश्तैनी जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में एक भाई ने अपने ही चचेरे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। हमले में एक भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे दिल्ली रैफर किया गया है। वहीं, झगड़े में लाठी-डंडे लगने से परिवार के अन्य छह सदस्य भी घायल हुए हैं।

गांव के निवासी निहाल सिंह गुर्जर (55) और उनके चचेरे भाई वीर सिंह गुर्जर के बीच 150 बीघा पुश्तैनी जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार को जब निहाल सिंह अपने भाई वकीला सिंह और अन्य परिजनों के साथ खेत जोतने पहुंचे, तो वीर सिंह अपने परिवार के साथ हथियार लेकर वहां आ धमका।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वीर सिंह ने आते ही निहाल सिंह पर राइफल से गोली चला दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। निहाल को बचाने पहुंचे उनके भाई वकीला सिंह और भतीजे शैलेंद्र पर भी गोलियां चलाई गईं। शैलेंद्र के सीने में गोली लगने से उसकी हालत नाजुक है।

हमलावरों ने घटना के दौरान परिवार के अन्य सदस्यों पर लाठी-डंडों से भी हमला किया। दयानंद, राहुल, थान सिंह और रामवीर घायल हो गए। घटना के बाद हमलावर फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी धर्मवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने गांव पहुंचकर हालात को काबू में किया। उन्होंने बताया कि हत्या और हमले के आरोपियों की पहचान कर ली गई है, और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्होंने कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी वीर सिंह और उसके परिवार ने उनकी बात नहीं मानी। उनका कहना है कि यह जमीन दादाजी द्वारा सभी भाइयों में बराबर बांटी गई थी, लेकिन वीर सिंह जबरन कब्जा करना चाहता था।

Post a Comment

Previous Post Next Post