Jabalpur News: संस्कारधानी में क्रिसमस की तैयारियां जोरों पर

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में क्रिसमस की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं, और बाजारों में खास रौनक देखी जा रही है। सदर बाजार, कलेक्ट्रेट चौराहा, मालवीय चौक, शास्त्री ब्रिज जैसे इलाकों में सड़कों पर सांता क्लॉज की कैप, मास्क और ड्रेस की दुकानें सज चुकी हैं। राजस्थान से आए व्यापारी हर साल की तरह इस बार भी क्रिसमस के उत्सव को रंगीन बनाने में जुटे हुए हैं।

दिल्ली और लुधियाना से आता है सामान

सांता क्लॉज की ड्रेस, कैप और खिलौने दिल्ली और लुधियाना से मंगवाए जाते हैं। इसके बाद ये सामान जबलपुर और आसपास के क्षेत्रों में बेचा जाता है। व्यापारी लोकेश ने बताया कि वे हर साल क्रिसमस के समय जबलपुर आते हैं और अपनी दुकान लगाते हैं।

राजस्थान के परिवारों की भागीदारी

राजस्थान के बूंदी शहर से जुड़े परिवार इस व्यापार में सक्रिय हैं। लोकेश ने बताया कि उनका पूरा परिवार अलग-अलग इलाकों में दुकानें लगाता है। क्रिसमस के अलावा, वे अन्य त्योहारों से जुड़ा सामान और खिलौने भी बेचते हैं।

सजावट ने किया आकर्षित

क्रिसमस के उत्सव ने जबलपुर में बाजारों की रौनक बढ़ा दी है। सांता क्लॉज की ड्रेस और सजावट के सामान ने न केवल बच्चों बल्कि हर उम्र के लोगों को आकर्षित किया है। महंगाई के बावजूद, त्योहार का उत्साह और बाजार की चहल-पहल इस खास पर्व को और भी रंगीन बना रही है।

सांता क्लॉज की ड्रेस का बाजार

सांता क्लॉज की ड्रेस और सजावट का बाजार इस बार भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। व्यापारी लोकेश सोलंकी ने बताया कि उनके पास 150 से 800 रुपए तक के सेट उपलब्ध हैं, जिसमें कैप, मास्क और पैंट-शर्ट शामिल हैं। हालांकि, इस साल महंगाई की वजह से कपड़ों की कीमतों में 100 रुपए तक का इजाफा हुआ है, जिससे ग्राहकों की संख्या पर असर पड़ा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post