दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना पनागर क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चलाने के कारण हुए हादसे में तीन लोग घायल हो गए। टक्कर मारने वाला बाइक चालक इलाज का बहाना कर मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुलदीप रैकवार (34), निवासी आईटीआई चुंगी नाका माढ़ोताल, ने बताया कि वह अपने दोस्त संदीप रजक के साथ बाइक (एमपी 20 एनपी 3259) पर और दूसरी बाइक (एमपी 20 एनटी 3017) पर उसके साले संदीप बर्मन, विकास बर्मन और अश्विनी मार्टिन फिलिप के साथ रत्ना धाम घूमने गए थे। रत्ना धाम से लौटते समय रात करीब 11:30 बजे, जब वे पनागर के आईडियल वेयरहाउस के पास मेन रोड बरोदा पहुंचे, तब पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक (एमपी 20 एनपी 9952) के चालक ने अश्विनी मार्टिन फिलिप की बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में अश्विनी समेत तीनों लोग बाइक सहित सड़क पर गिर गए। टक्कर मारने वाला बाइक चालक खुद भी गिर गया। उसने घायलों को अस्पताल ले जाने की बात कही, लेकिन रास्ते में अपनी बाइक लेकर भाग निकला। कुलदीप ने घायलों को स्वास्तिक अस्पताल, जबलपुर में भर्ती कराया।
थाना पनागर पुलिस ने कुलदीप की शिकायत पर धारा 281 और 125 ए बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
