दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गुरुवार को जबलपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने नगर निगम द्वारा फुटपाथ व्यापारियों के खिलाफ की जा रही अतिक्रमण कार्रवाई के विरोध में घंटाघर में प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने इस कार्रवाई को असंवैधानिक बताया और कहा कि यह पथ विक्रेताओं के अधिकारों का उल्लंघन है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पथ विक्रेताओं की समस्याओं को लेकर कलेक्टर के नाम एक मांग पत्र सौंपा। इस पत्र में कहा गया कि इन व्यापारियों को अतिक्रमण के नाम पर परेशान न किया जाए और उन्हें अतिक्रमणकारी न माना जाए। कार्यकर्ताओं ने पथ विक्रेता अधिनियम 2014 का हवाला देते हुए नगर निगम से स्थाई नगर विक्रय समिति के गठन की मांग की, जिससे इन व्यापारियों को व्यवस्थित किया जा सके।
कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया ने कहा कि पथ विक्रेताओं पर हो रही कार्रवाई असंवैधानिक है। "एक तरफ सरकार पथ विक्रेताओं को व्यापार के लिए ऋण दे रही है, वहीं दूसरी ओर उन्हें व्यापार करने से रोका जा रहा है। यह दोहरी नीति है, जिसका खामियाजा इन व्यापारियों को भुगतना पड़ रहा है।"शहर जिला कांग्रेस कमेटी के नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा ने कहा कि पथ विक्रेता अधिनियम 2014 के तहत नगर निगम को स्थाई नगर विक्रय समिति का गठन करना था, जो अब तक नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि पथ विक्रेताओं को व्यापार करने का अधिकार है, और यह उनके जीविका संरक्षण का हिस्सा है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बातचीत करने पहुंचे एसडीएम अनुराग सिंह ने बताया कि पथ विक्रेताओं की समस्याओं को कलेक्टर दीपक सक्सेना के सामने रखा जाएगा और उनके निर्देशों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।कांग्रेसियों ने चेतावनी दी है कि अगर पथ विक्रेताओं की समस्याओं का समाधान शीघ्र नहीं किया गया, तो वे फिर से सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन के दौरान भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
इस अवसर पर गुलाम हुसैन, अख्तर अंसारी, हर्षित यादव, अमर रजक, राजेश सोनकर, कमलेश यादव,गुड्डू नवी, शिवकुमार चौबे, कपिल श्रीवास्तव, बलविंदर सिंह गुर्जर, पप्पू वसीम, प्रवेंद्र चौहान, बंटी गुप्ता , अनुज श्रीवास्तव,आसिफ कुरेशी, अशरफ मंसूरी, मनोज नामदेव, राजेंद्र सराफ, संदीप जैन, महेश मिश्रा,अभिषेक यादव, रीतेश अग्रवाल,दिलीप साहू, रविंद्र गौतम, सनी जैन अकबर खान, इंदिरा पाठक तिवारी, कमलेश यादव, इंदु सोनकर,पारस जैन,राजा खान,समद बंगाली आदि कांग्रेसजन उपस्थित रहें।


