Jabalpur News: धान उपार्जन में किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो – कलेक्टर सक्सेना

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। कलेक्टर दीपक सक्सेना ने आज धान उपार्जन को लेकर संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदने में किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। साथ ही, उपार्जन केन्द्रों पर सभी आवश्यक सुविधाओं को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि वेयरहाउस का किसानों से उपार्जन की प्रक्रिया से कोई सीधा संबंध नहीं है। किसानों को किसी भी प्रकार के भ्रम में नहीं आना चाहिए। वे स्लाट बुकिंग कर उपार्जन केन्द्रों पर जाकर बिना किसी समस्या के एफएक्‍यू धान विक्रय कर सकते हैं। यदि किसी उपार्जन केन्द्र पर किसानों को कोई परेशानी हो रही हो, तो वे सीधे जिला कलेक्टर को 9407083130 पर वाट्सएप कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि यदि किसी उपार्जन केन्द्र पर किसानों के धान विक्रय में अवरोध उत्पन्न किया जाता है, तो संबंधित व्यक्ति या एजेंसी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने अधिकारियों से उपार्जन केन्द्रों पर धान की सुरक्षा के समुचित प्रबंध करने का निर्देश दिया और कहा कि वे फील्ड विजिट करके अधिक खरीदी वाले केन्द्रों का निरीक्षण करें।

कलेक्टर ने जोर देकर कहा कि उपार्जन में किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सभी अधिकारी उपार्जन नियमों के तहत तत्परता से कार्य करें।

Post a Comment

Previous Post Next Post