Jabalpur News: महिलाओं के लिये सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना पर कार्यशाला संपन्न

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा महिलाओं के लिए सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना के तहत गुरुवार को जबलपुर के हितकारिणी सभा परिसर में एक महत्वपूर्ण स्टेक होल्डर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के पूजन और सरस्वती वंदना के साथ हुई।

कार्यशाला में जबलपुर पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के सीईओ हेमंत सिंह ने परियोजना के अंतर्गत महिलाओं को आत्मरक्षा और कौशल विकास प्रशिक्षण की जानकारी साझा की। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए सफलता प्राप्ति के लिए ज्ञानवर्धक साहित्य का अध्ययन करने पर जोर दिया।

थाना ओमती की उप निरीक्षक प्रशंसा टांडिया ने साइबर अपराध के बढ़ते मामलों पर जागरूक किया और इससे बचाव के उपायों को विस्तार से समझाया। वहीं, जिला समन्वयक दीप्ति ठाकुर ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को तनाव मुक्त और खुशहाल जीवन जीने के टिप्स दिए।

कार्यशाला में जबलपुर, भेड़ाघाट और बरगी क्षेत्र के पर्यटन स्थलों पर महिलाओं के लिए किए गए आत्मरक्षा प्रशिक्षण और सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। छात्र-छात्राओं को महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के प्रति सजग और जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया।

इस कार्यशाला में प्रतिभा दुबे, अनीता यादव, डॉ. अनूप तिवारी, प्रकाश राय और आनंदित ठाकुर सहित महाविद्यालय के कई छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन महाविद्यालय की उप प्राचार्या डॉ. प्रिंसी शाजी द्वारा आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।


Post a Comment

Previous Post Next Post