Jabalpur News: शासकीय साइंस कॉलेज में छात्रों का प्रदर्शन, सप्लीमेंट्री परीक्षा जल्द कराने की मांग

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शासकीय आदर्श विज्ञान महाविद्यालय के छात्रों ने प्रिंसिपल कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना है कि प्रथम, द्वितीय, और तृतीय वर्ष के 100 से अधिक विद्यार्थियों को दूसरी बार सप्लीमेंट्री परीक्षा देने का मौका मिला है, लेकिन कॉलेज प्रबंधन परीक्षा जल्दी कराने में असमर्थता जता रहा है।

छात्रों ने बताया कि नई शिक्षा नीति के तहत दो बार सप्लीमेंट्री परीक्षा देने का प्रावधान है। कॉलेज प्रबंधन इसे मुख्य परीक्षा के साथ आयोजित करना चाहता है, जिससे न केवल उनका एक साल बर्बाद होगा बल्कि अगली कक्षा की पढ़ाई में भी बाधा आएगी।

छात्रों के विरोध के बाद प्राचार्य एएल महोबिया ने शासन स्तर पर इस मुद्दे को उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि शासन से अनुमति मिलने पर परीक्षा आयोजित की जाएगी।

कॉलेज के छात्रों ने आरोप लगाया कि प्रबंधन छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ कर रहा है। उन्होंने कहा कि अगर जनवरी में परीक्षा नहीं हुई तो मई में मुख्य परीक्षा के साथ सप्लीमेंट्री देना मुश्किल होगा। इससे पढ़ाई का दबाव बढ़ेगा और उनका कोर्स पिछड़ जाएगा। अगर जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे प्रदर्शन तेज करेंगे।

प्राचार्य एएल महोबिया ने कहना है कि "छात्रों की मांग है कि सप्लीमेंट्री परीक्षा इसी माह में कराई जाए, लेकिन इसे आयोजित करने के लिए शासन स्तर पर अनुमति आवश्यक है। इस पर जल्द निर्णय लिया जाएगा।"

Post a Comment

Previous Post Next Post