दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में जबलपुर को अव्वल लाने के लिए नगर निगम द्वारा स्वच्छता अभियान को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। निगमायुक्त प्रीति यादव के नेतृत्व में स्वच्छ जबलपुर और स्वस्थ जबलपुर अभियान के तहत सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग के उपायुक्त संभव अयाची और स्वास्थ्य अधिकारी संदीप जायसवाल ने बताया कि मंगलवार को तीन पत्ती से नौदरा ब्रिज क्षेत्र में एक बारात के दौरान कचरा फैलाने और डी.जे. संचालक द्वारा पोपर्स मशीन से चमकीला कचरा उड़ाने की घटना सामने आई। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये का स्पॉट फाइन लगाया गया।
कार्रवाई के दौरान सहायक स्वास्थ्य अधिकारी और मुख्य स्वच्छता निरीक्षक भी उपस्थित रहे। निगमायुक्त ने साफ तौर पर कहा है कि सार्वजनिक स्थलों को गंदा करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
नगर निगम ने जबलपुरवासियों से अपील की है कि स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। बारात, समारोह और अन्य कार्यक्रमों के दौरान गंदगी न फैलाएं और कचरे का सही निपटान करें। स्वच्छता ही स्वस्थ जीवन का आधार है।
