दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पनागर थाना क्षेत्र के कुशनेर ग्राम में एक किसान की जमीन को फर्जी कागजात के जरिए बेचने का मामला सामने आया है। इस मामले में खास बात यह है कि बेची गई जमीन के दस्तावेजों में पनागर तहसीलदार के नाम पर फर्जी नामांतरण आदेश भी शामिल था।
फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमीन बिक्री
कुशनेर ग्राम के किसान राजाराम पटेल और राजेश पटेल ने तहसीलदार को शिकायत दी थी कि उनके पिता स्वर्गीय शीतल प्रसाद पटेल के नाम पर 0.8000 हेक्टेयर कृषि भूमि है, जिस पर वे खेती कर रहे थे। इसी जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार कर मुर्रई निवासी प्रदीप पटेल ने मोहम्मद अफजल और मोहम्मद अनवर को यह जमीन बेच दी।
तहसीलदार की शिकायत पर मामला दर्ज
तहसीलदार विकास कुमार जैन ने इस फर्जीवाड़े का खुलासा होते ही पनागर थाने में शिकायत दर्ज कराई। जांच में यह सामने आया कि फर्जी नामांतरण आदेश के जरिए जमीन बेची गई थी। इसके बाद पुलिस ने प्रदीप पटेल के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया।
फोटो शॉप से तैयार किए गए दस्तावेज
तहसीलदार ने बताया कि खसरा नंबर 905/1 की जांच में यह पाया गया कि यह खसरा फोटो शॉप के माध्यम से तैयार किया गया था और नामांतरण का आदेश भी फर्जी तरीके से तैयार किया गया था।
