Jabalpur News: मकान निर्माण के नाम पर 30 लाख की धोखाधड़ी

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गोराबाजार थाना क्षेत्र स्थित कजरवारा में प्रकाश ज्योति हाउसिंग प्रॉपर्टी के संचालक दम्पति द्वारा एक वृद्ध महिला से मकान निर्माण के नाम पर 30 लाख रुपए की धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है। महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि उसने मकान निर्माण के लिए प्रकाश ज्योति हाउसिंग प्रॉपर्टी के संचालक श्वेता अग्रवाल और उनके पति दीपक अग्रवाल से अनुबंध किया था, लेकिन न तो मकान का निर्माण हुआ और न ही उसकी राशि वापस की गई।

पुलिस के अनुसार, राज्यश्री दीक्षित नामक वृद्ध महिला ने 2023 में कजरवारा में 20 लाख रुपये की कीमत का 1000 वर्ग फीट का भूखंड खरीदा था। इस भूखंड पर मकान निर्माण कराने के लिए महिला ने 18 अप्रैल 2023 को श्वेता अग्रवाल से अनुबंध किया था। अनुबंध के तहत मकान निर्माण रजिस्ट्री के 8 महीने के भीतर पूरा करना था, लेकिन दम्पति ने सिर्फ सरिया गढ़वाने तक ही काम किया और बाकी निर्माण नहीं किया। जब वृद्धा ने पैसे वापस मांगे तो उन्होंने इनकार कर दिया।

इसके बाद वृद्ध महिला ने मामले की शिकायत की, जिस पर पुलिस ने आरोपी दम्पति के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है और जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post