Jabalpur News: शहर की ट्रॉफिक व्‍यवस्‍था को बेहतर बनाने के लिए बैठक संपन्‍न

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर दीपक सक्सेना और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।  कलेक्टर सक्सेना ने निर्देश दिए कि अस्थाई अतिक्रमण हटाने के लिए दुकानदारों से पहले सहयोग मांगा जाए। यदि सहयोग नहीं मिलता है तो प्रभावी कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया जाए। उन्होंने सड़कों पर अवैध पार्किंग रोकने और वाहन पार्किंग के लिए जगह चिन्हित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में प्रमुख सड़कों जैसे छोटी लाइन, रसल चौक, फुहारा, गंजीपुरा, मदन महल और दीनदयाल चौक पर जाम की समस्या से निपटने के लिए दीर्घकालिक योजनाओं पर जोर दिया गया। ग्वारीघाट क्षेत्र में बैरिकेट्स लगाकर ऑटो और ई-रिक्शा के संचालन की व्यवस्था का प्रस्ताव रखा गया।

शहर की ट्रैफिक समस्याओं को सुलझाने में ऑटो और ई-रिक्शा चालकों की भूमिका को अहम मानते हुए, उन्हें जागरूक करने और उनकी गतिविधियों को नियंत्रित करने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए। नियमों का पालन न करने पर चालान, जब्ती और लाइसेंस रद्द करने की चेतावनी दी गई। बैठक में महिला शौचालयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, खासकर बाजार क्षेत्रों में।

कलेक्टर ने कहा कि ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था को दीर्घकालिक रूप से सुधारने के लिए अधिकारी फील्ड में जाकर स्थिति का आकलन करें। शहरवासियों को यातायात और अतिक्रमण से राहत देने के लिए शीघ्र प्रभावी कदम उठाए जाएं।

बैठक में नगर निगम कमिश्नर प्रीति यादव, अपर कलेक्टर मिशा सिंह, एडीशनल एसपी ट्रैफिक प्रदीप शेंडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post