दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। बेलखाडू के करारी ग्राम में आयोजित चंडी मेले में देर रात पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने चाकूबाजी का रूप ले लिया। मेले में दुकान लगाने वाले युवक राज पटवा (22) पर 16 वर्षीय नाबालिग ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
चौकी प्रभारी राजेश धुर्वे के अनुसार, करारी ग्राम में खिलौनों की दुकान लगाने वाले राज पटवा का सिमरा ग्राम के नाबालिग से पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ। बात बढ़ने पर नाबालिग ने चाकू निकालकर राज की कमर पर वार कर दिया। घटना के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गया।
घायल राज पटवा को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार नाबालिग की तलाश जारी है।
