Jabalpur News: सांसद आशीष दुबे ने केंद्रीय रेल मंत्री से की मुलाकात

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद आशीष दुबे ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर जबलपुर मंडल में रेल सुविधाओं के विस्तार और नई ट्रेनों के संचालन का अनुरोध किया। इस दौरान उन्होंने रेलमंत्री को एक पत्र सौंपते हुए जबलपुर से गोंदिया रेल मार्ग के दोहरीकरण और जबलपुर-दमोह के बीच नई रेल लाइन के निर्माण की मांग भी रखी।

सांसद दुबे ने कहा कि जबलपुर-गोंदिया मार्ग का दोहरीकरण होने से दक्षिण भारत की ओर यात्रा में लगने वाला समय कम होगा। उन्होंने जबलपुर से पुणे, अमृतसर, रायपुर, कोलकाता, भुवनेश्वर, पुरी, और राउरकेला के लिए सीधी ट्रेनों की मांग की। इसके अलावा जबलपुर से दिल्ली, मुंबई और सूरत के लिए रेल सेवा विस्तार की आवश्यकता पर जोर दिया।

सांसद दुबे  ने जबलपुर रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को उन्नत बनाने और स्टेशन के बाहरी हिस्सों का विस्तार करने की बात कही। उन्होंने कहा कि स्टेशन की ओर आने-जाने वाले सभी मार्ग खुले रखने चाहिए ताकि यात्रियों को आपातकालीन स्थिति में कोई असुविधा न हो।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद की मांगों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि जबलपुर से ट्रेनों और यात्री सुविधाओं के विस्तार पर अनुकूल निर्णय लिया जाएगा।

सांसद दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारतीय रेल को विश्वस्तरीय बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं, और रेल मंत्री उनके मार्गदर्शन में कार्यरत हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस समग्र विकास का लाभ जबलपुर को भी मिलेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post