Gwalior News: प्रेस्टीज कॉलेज से नगर निगम ने वसूले 24.29 लाख रुपए

दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर। प्रेस्टीज कॉलेज प्रबंधन ने नगर निगम की प्रॉपर्टी पर बिना अनुमति के विज्ञापन लगाने के आरोप में 24 लाख 29 हजार 107 रुपए का जुर्माना भरा है। नगर निगम के राजस्व विभाग द्वारा जांच और नोटिस के बाद यह कार्रवाई की गई थी।

नगर निगम के उपायुक्त राजस्व सुनील चौहान ने बताया कि प्रेस्टीज कॉलेज ने नगर निगम की संपत्ति और क्षेत्र में विज्ञापन लगाए थे। जांच में सामने आया कि विज्ञापन के लिए न तो अनुमति ली गई थी और न ही वैधानिक प्रक्रिया का पालन किया गया था। इस अवैध कार्यवाही से नगर निगम को राजस्व का नुकसान हुआ।

जांच और नोटिस के बाद, नगर निगम ने प्रेस्टीज कॉलेज पर 24.29 लाख का जुर्माना लगाया। बुधवार को कॉलेज प्रबंधन ने यह राशि नगर निगम के राजस्व विभाग में जमा की।

उपायुक्त सुनील चौहान ने बताया कि नगर निगम आयुक्त अमन वैष्णव के निर्देश पर अवैध होर्डिंग्स, बैनर और अन्य विज्ञापनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति के विज्ञापन लगाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह कदम राजस्व के नुकसान को रोकने और शहर की सुंदरता बनाए रखने के लिए उठाया गया है।


Post a Comment

Previous Post Next Post