MP News: 500 साइट्स चला रहा था ऑनलाइन गेमिंग गिरोह का सरगना, 6 करोड़ का ट्रांजेक्शन एक महीने में

दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर। ग्वालियर में साइबर क्राइम ब्रांच ने एक बड़े ऑनलाइन बैटिंग रैकेट का पर्दाफाश किया है, जिसमें गिरोह के सरगना अमन शर्मा ने 500 से अधिक ऑनलाइन गेमिंग साइट्स पर सट्टा चलाया। आरोपियों के पास से 6 करोड़ रुपये के लेन-देन के सबूत मिले हैं, जिनमें हर दिन करीब 20 लाख रुपये का ट्रांजेक्शन हुआ करता था।

गिरोह के 16 सदस्यों को महलगांव स्थित एक मल्टीस्टोरी बिल्डिंग में छापेमारी के दौरान गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों से 45 बैंक पासबुक, 22 चेकबुक, 133 डेबिट कार्ड, 27 मोबाइल फोन, 4 आईफोन, नोट गिनने की मशीन और एक पिस्टल समेत अन्य सामान बरामद किए हैं। बरामद सामग्री की कुल कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है।

गिरोह ने "श्रीराम बुक बी-साइट" नामक ऑनलाइन बैटिंग एप के जरिए गेमिंग प्लेटफॉर्म पर सट्टा चलाया। ग्राहक को डिजिटल कॉइन के रूप में बैटिंग करने का मौका दिया जाता था, जिससे हारने वाले पैसे खो देते थे। नए अकाउंट खोलने के लिए ग्राहकों से 50 हजार से लेकर 5 लाख रुपये तक जमा कराए जाते थे।

गिरोह के सभी आरोपी 20 से 25 साल के युवा थे, जिन्हें अमन ने सैलरी पर काम पर रखा था। इन युवाओं की नियुक्ति 20 से 25 हजार रुपये महीने की सैलरी पर की गई थी, और उनके रहने का इंतजाम भी अमन ने किया था।

पुलिस को फर्जी तरीके से खोले गए बैंक अकाउंट्स में करोड़ों का लेन-देन मिला है, और इस मामले में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया को सूचित किया गया है।

गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों से 2 दिन की रिमांड पर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है, जिनमें दर्शन त्रिपाठी नाम का एक मुख्य सहयोगी भी शामिल है।

Post a Comment

Previous Post Next Post