Jabalpur News: पारिजात बिल्डिंग के पास सड़क दुर्घटना में महिला की मौत बाइक सवार युवक की हालत गंभीर

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। देर रात दमोह नाका रोड स्थित पारिजात बिल्डिंग के पास एक सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात करीब 11- 00 बजे पुलिस को सूचना मिली कि पारिजात बिल्डिंग के पास सड़क पर एक महिला और एक पुरुष घायल अवस्था में पड़े हुए हैं। कोतवाली पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि महिला की मृत्यु हो चुकी थी, जबकि युवक घायल अवस्था में पड़ा था और पास में एक बाइक भी पड़ी हुई थी। पुलिस ने घायल युवक को दमोह नाका स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल भेज दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि महिला के पास एक आधार कार्ड मिला है, जिस पर उसका नाम अर्चना मोहरे और पति का नाम नितिन मोहरे लिखा हुआ है। महिला मूलतः नागपुर की रहने वाली थी। वहीं, घायल युवक की पहचान शिवम सोनी (24 वर्ष) निवासी खाई मोहल्ला, हनुमानताल के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि महिला पैदल जा रही थी और युवक अत्यधिक शराब के नशे में गाड़ी चला रहा था। फिलहाल पुलिस ने अर्चना के परिजनों को सूचना दे दी है और वे नागपुर से जबलपुर के लिए रवाना हो चुके हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि अर्चना जबलपुर में क्या करने आई थी। वहीं क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि जिस जगह पर रोड डिवाइडर को खोला गया है, जिसके कारण यहां कई छोटी-मोटी दुर्घटनाएं होती रहती हैं एवं रोज जाम की स्थिति बनीं रहती है, लेकिन गत देर रात हुए सड़क हादसे में महिला की जान चली गई है, स्थानी लोगों की मांग कि है कि इस खुले हुए डिवाइडर को बंद कर दिया जाना चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना का मुख्य कारण क्या है।

Post a Comment

Previous Post Next Post