दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर। ग्वालियर के जनकगंज इलाके में मंगलवार देर रात पेट्रोल पंप पर तीन बाइक सवार बदमाशों ने पेट्रोल भरने में देरी होने पर फायरिंग कर दी। बदमाशों के हमले में लोडिंग वाहन का चालक घायल हो गया। घटना लक्ष्मीगंज स्थित एचपी पेट्रोल पंप पर हुई। गोली लोडिंग चालक राजेंद्र कुशवाह के पैर में लगी है।
हमले के बाद बदमाश हवा में राइफल लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घायल राजेंद्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजेंद्र ने पुलिस को बताया कि जब वह अपनी गाड़ी में डीजल भरवा रहे थे, तभी तीन बाइक सवार बदमाश पेट्रोल पंप पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत पेट्रोल भरने की मांग की और कर्मचारियों से गाली-गलौज करने लगे। विवाद बढ़ने पर एक बदमाश ने कहा, "यहां जितने खड़े हैं, सबको गोली मार दो।" इसके बाद उसने राइफल से गोली चला दी, जो राजेंद्र के पैर में लगी।
पेट्रोल पंप पर हुई इस घटना की तस्वीरें और वीडियो CCTV कैमरे में कैद हो गई हैं। वीडियो में बदमाशों को बैरिकेड्स में किक मारते और राइफल लहराते हुए देखा जा सकता है। हालांकि, बदमाशों के चेहरे स्पष्ट नहीं दिख रहे हैं। पुलिस इन्हीं फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी की, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला। फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज खंगाल रही है।
घायल राजेंद्र को उनके साथी ने जेएएच ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उनकी हालत स्थिर बताई है। पुलिस ने बताया कि बदमाशों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है।
पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार बदमाशों के खिलाफ हत्या के प्रयास, शासकीय कार्य में बाधा, और अवैध हथियार का इस्तेमाल करने के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारी जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रहे हैं।