MP News: आज-कल में जारी होगी बीजेपी जिलाध्यक्षों की पहली सूची

दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। भाजपा के जिला अध्यक्षों के चुनाव की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। 50 प्रतिशत से अधिक जिलों के अध्यक्षों की पहली सूची आज या कल में जारी होने की संभावना है। इसके तुरंत बाद प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, लगभग 30 जिलों के लिए नाम फाइनल हो चुके हैं। रीवा से वीरेंद्र गुप्ता, उज्जैन से संजय अग्रवाल, और छिंदवाड़ा से टीकाराम चंद्रवंशी का नाम तय माना जा रहा है। हरदा, कटनी और रायसेन जैसे जिलों में वर्तमान अध्यक्षों को दोबारा मौका मिलने की संभावना है।

भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर और सागर जैसे जिलों में सहमति न बनने के कारण नामों की घोषणा में देरी हो रही है। ग्वालियर में सिंधिया और तोमर खेमों के बीच पेंच फंसा हुआ है। दोनों खेमे अपने-अपने समर्थकों के लिए अड़े हुए हैं।

जिलाध्यक्षों की सूची जारी होते ही भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी। वर्तमान प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा दूसरे कार्यकाल के लिए प्रयासरत हैं। वहीं, नरोत्तम मिश्रा, राजेंद्र शुक्ल, और अर्चना चिटनीस जैसे नेता ब्राह्मण वर्ग से अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। क्षत्रिय वर्ग से अरविंद भदौरिया, बृजेंद्र प्रताप सिंह और सीमा सिंह जादौन भी प्रमुख दावेदार हैं।

प्रदेशाध्यक्ष चुनाव के लिए भाजपा ने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को जिम्मेदारी सौंपी है। उनका भोपाल दौरा 10 से 15 जनवरी के बीच प्रस्तावित है। सूची को अंतिम रूप देने और सहमति बनाने के लिए केंद्रीय नेतृत्व सक्रिय है।

सूत्रों का कहना है कि पहली सूची में 35 से 40 जिलों के नामों की घोषणा होगी। शेष जिलों के नामों पर सहमति बनने के बाद अलग से सूची जारी की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post