दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। क्राइम ब्रांच और थाना बरगी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 3 किलो 976 ग्राम गांजे के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से गांजा के अलावा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
थाना प्रभारी कमलेश चौरिया ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि बरगी बायपास एनएच-34 रोड पर दो व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में खड़े हैं। उनके पास भारी मात्रा में अवैध गांजा है, जिसे बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार किया जा रहा है। सूचना पर तत्काल योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की गई।
पुलिस ने मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर 62 वर्षीय राजेश भारद्वाज, निवासी गंगा टोला सिवनी, और 42 वर्षीय आशीष सोनकर, निवासी शीतला माई घमापुर को पकड़ लिया। दोनों के पास मौजूद बैगों की तलाशी लेने पर सैलो टेप से लिपटे चार पैकेट मिले, जिनमें 3.976 किलो गांजा जप्त किया।
बरामद गांजा की कीमत लगभग 80 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपियों के पास से गांजा और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 और 20 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि गांजा कहां से आया और इसे किसे बेचा जाना था।