दैनिक सांध्य बन्धु नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (MCD) में दो साल बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने फिर से वापसी की है। पार्टी के पार्षद राजा इकबाल सिंह ने मेयर पद का चुनाव जीत लिया है। उन्हें 133 वोट मिले, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार मनदीप सिंह को महज 8 वोट ही हासिल हो सके। वहीं, जयभगवान यादव (बेगमपुर वार्ड) को डिप्टी मेयर चुना गया है।
राजा इकबाल सिंह ने जीत के बाद कहा कि, “दिल्ली की जनता ने हमें शहर की समस्याएं सुलझाने की जिम्मेदारी दी है। आम आदमी पार्टी (AAP) पहले ही अपनी हार मान चुकी थी। अब हमारा फोकस भ्रष्टाचार खत्म करने और रुके हुए कामों को पूरा करने पर होगा।”
मेयर चुनाव से पहले AAP की पूर्व मेयर शैली ओबेरॉय और नेता मुकेश गोयल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव का बहिष्कार करने की बात कही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने लोकतंत्र को मजाक बना दिया है। वहीं कांग्रेस की ओर से मनदीप सिंह और डिप्टी मेयर पद के लिए अरीबा खान मैदान में थीं।
आंकड़ों की नज़र में
MCD में कुल सीटें: 250
वर्तमान सक्रिय सीटें: 238 (12 खाली)
BJP: 117 पार्षद (2022 में 104)
AAP: 113 पार्षद (2022 में 134)
कांग्रेस: 8 पार्षद
मेयर चुनाव में 238 पार्षदों के अलावा 10 सांसद (7 लोकसभा, 3 राज्यसभा) और 14 विधायकों को शामिल किया गया था। विधानसभा अध्यक्ष विजेंदर गुप्ता ने इनमें से 11 बीजेपी और 3 AAP विधायकों को चुना।
अहम प्रस्तावों पर भी चर्चा
बैठक के एजेंडे में कई महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल रहे, जैसे -
लाला लाजपत राय मार्ग का नाम बदलकर उपेंद्रनाथ ब्रह्म मार्ग करना
MCD कर्मचारी स्वास्थ्य योजना की समीक्षा
जर्जर इमारतों को गिराने का प्रस्ताव
AAP का कटाक्ष: "अब काम करके दिखाओ"
AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने तंज कसते हुए कहा, “तमाम जोड़तोड़ के बावजूद बीजेपी के पास सिर्फ 117 पार्षद हैं। बहुमत 120 का है। अब चार इंजन वाली सरकार में बहानेबाज़ी और बयानबाज़ी नहीं चलेगी, काम करके दिखाना होगा। जनता एक महीने में फैसला कर देगी।”