दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र के अंतर्गत मेट्रो अस्पताल में भर्ती एक घायल युवक ने पुलिस को बताया कि उस पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया। घायल अभिषेक रैकवार (23 वर्ष), निवासी अमखेरा तालाब के पास, मत्स्य पालन विभाग में मजदूरी करता है।
पीड़ित ने बताया कि देर रात करीब 12:30 बजे वह अपने दोस्त अरुण वर्मन के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। तालाब के पास एक बारात निकल रही थी, जिसके कारण वह वहीं रुक गया। तभी राजेश रैकवार और उसके साथी शुभम, नमन व गौरव रैकवार उसे घूरने लगे। पीड़ित का राजेश रैकवार से जमीन का पुराना विवाद चल रहा है।
अभिषेक ने जब घूरने का कारण पूछा तो चारों ने गाली-गलौज करते हुए उसे पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान राजेश रैकवार ने उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसके पेट और सिर में गंभीर चोटें आईं।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 109, 115(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित का अस्पताल में उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।