दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। अपराधों की रोकथाम और असामाजिक तत्वों पर लगाम कसने के लिए जबलपुर पुलिस ने बीती रात जिलेभर में कांबिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के दौरान 81 टीमों ने शहर और देहात क्षेत्र में दबिश देकर कुल 375 वारंट तामील किए। इनमें कई आरोपी ऐसे थे जो वर्षों से फरार चल रहे थे।File Photo
रात 10 बजे से रात 2:30 बजे तक चला यह विशेष कांबिंग गश्त अभियान पूरे जिले में सघनता से किया गया। इसमें पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी और निगरानी में 592 अधिकारी-कर्मचारियों की टीमें गठित की गई थीं। हर टीम की कमान संबंधित थाना प्रभारी या उपनिरीक्षक स्तर के अधिकारी को सौंपी गई थी।
गश्त के दौरान पुलिस ने 123 गैर म्यादी वारंट, 158 गिरफ्तारी वारंट, 94 जमानती वारंट तामील किए। ये सभी वारंट ऐसे आरोपियों पर थे जो लंबे समय से फरार चल रहे थे या बार-बार समन के बाद भी अदालत में पेश नहीं हो रहे थे।
कांबिंग गश्त के दौरान रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मुसाफिरखाना जैसे सार्वजनिक स्थलों पर भी संदिग्धों की तलाशी ली गई। देर रात घूमने वाले लोगों से पूछताछ की गई और सक्रिय बदमाशों की गतिविधियों की निगरानी की गई। कई वाहनों की जांच कर आवश्यक दस्तावेजों की भी पुष्टि की गई।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने बताया कि यह गश्त अभियान भविष्य में भी समय-समय पर जारी रहेगा। इसका उद्देश्य न सिर्फ अपराधियों पर दबाव बनाना है, बल्कि शहर में जनसुरक्षा का माहौल सुदृढ़ करना भी है। उन्होंने आम जनता से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।