दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। सेना और महिला कर्नल सोफिया कुरैशी पर भाजपा नेताओं की विवादित टिप्पणियों के विरोध में कांग्रेस ने शनिवार को जबलपुर में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता गौ-माता चौक से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कार्यालय केशव कुटी तक पैदल मार्च करते हुए पहुंचे और वहां संघ पदाधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेसियों ने मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते के बयानों को सेना और महिलाओं का अपमान बताते हुए इन नेताओं को मंत्रिपद से बर्खास्त करने की मांग की। हालांकि आरएसएस की ओर से कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला, जिससे कांग्रेस कार्यकर्ता असंतुष्ट नजर आए।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी। केशव कुटी कार्यालय के बाहर बैरिकेडिंग की गई और कार्यकर्ताओं को गेट पर ही रोक दिया गया। केवल पांच कांग्रेस नेताओं को भीतर जाकर आरएसएस पदाधिकारियों से मिलने की अनुमति दी गई।कांग्रेस नेता दिनेश यादव ने कहा, “जिस स्थान पर कभी कदम नहीं रखा, वहां आज देश की गरिमा के लिए जाना पड़ा। आरएसएस पदाधिकारियों के चुप और निरुत्तर चेहरे देखकर हमें निराशा हुई। राष्ट्रवाद अब केवल नारा बनकर रह गया है।”
कांग्रेस नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा ने कहा, “आरएसएस अगर वास्तव में राष्ट्रवादी संगठन है, तो उसे सेना और महिला अफसर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों के खिलाफ कड़ी प्रतिक्रिया देनी चाहिए थी। उसकी चुप्पी यह दर्शाती है कि वह सत्ता के खिलाफ बोलने में असमर्थ है।”करीब एक घंटे तक चला यह प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा। अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरएसएस को लिखित प्रार्थना पत्र सौंपते हुए दोषी नेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की और वहां से रवाना हो गए। सुरक्षा के मद्देनजर पांच थानों की पुलिस तैनात रही।कांग्रेस ने साफ किया कि वह सेना और महिलाओं के सम्मान से कोई समझौता नहीं करेगी और जब तक दोषी नेताओं पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
Tags
jabalpur