दैनिक सांध्य बन्धु नई दिल्ली। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की तबीयत एक बार फिर बिगड़ गई है। उन्हें दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि सोनिया गांधी को पेट संबंधी समस्या के चलते गैस्ट्रो विभाग में भर्ती किया गया है और वे फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में हैं।
पहले शिमला में भी कराया गया था स्वास्थ्य परीक्षण
इससे पहले 7 जून को भी सोनिया गांधी की तबीयत खराब हुई थी, जिसके बाद उन्हें शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में दिखाया गया था। उस समय उनकी जांच उच्च रक्तचाप (हाई ब्लड प्रेशर) की शिकायत के बाद की गई थी। जांच के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई थी और बताया गया था कि यह एक नियमित स्वास्थ्य परीक्षण मात्र था।
उम्र और जिम्मेदारियों के बीच स्वास्थ्य में गिरावट
78 वर्षीय सोनिया गांधी लंबे समय तक कांग्रेस अध्यक्ष रहीं हैं और वर्तमान में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष हैं। वे भले ही अब सक्रिय राजनीति में कम दिखती हैं, लेकिन पार्टी के भीतर रणनीतिक और सलाहकारी भूमिका में लगातार सक्रिय हैं।
सोनिया गांधी को लेकर यह बात हमेशा याद की जाती है कि जब 2004 में यूपीए सत्ता में आई, तो उन्हें प्रधानमंत्री बनने का प्रस्ताव मिला था। लेकिन उन्होंने यह पद मनमोहन सिंह को सौंप दिया, जिसे आज भी भारतीय राजनीति में त्याग का प्रतीक माना जाता है।
फिलहाल हालत स्थिर, पार्टी कार्यकर्ता कर रहे दुआ
गंगाराम अस्पताल में भर्ती सोनिया गांधी की हालत स्थिर बताई जा रही है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से कहा गया है कि उनकी सेहत को लेकर अपडेट जल्द साझा किया जाएगा।