जबलपुर में अवैध कॉलोनी पर चला निगम का बुलडोज़र ...‘शिव परिसर’ के निर्माण कार्य ध्वस्त, कॉलोनाइज़रों पर शिकंजा


जबलपुर।शहर की सीमा के भीतर अवैध रूप से बसाई जा रही कॉलोनियों के खिलाफ नगर निगम ने सख्त रुख अपना लिया है। निगमायुक्त श्रीमती प्रीति यादव के स्पष्ट निर्देश के बाद बुधवार को नगर निगम की कॉलोनी सेल ने वीर दुर्गादास राठौर वार्ड क्रमांक 71 अंतर्गत मौजा रमनगरा स्थित खसरा नंबर 85 एवं 86 पर बन रही कॉलोनी "शिव परिसर" में चल रहे विकास कार्यों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।


इस कार्रवाई को अंजाम कॉलोनी सेल प्रभारी सुनील दुबे के नेतृत्व में दिया गया, जिसमें अतिक्रमण शाखा प्रभारी बृजकिशोर तिवारी, नगर निगम कर्मचारी अंकित पारस सहित अन्य अधिकारी और अमला मौजूद रहा।



प्रभारी दुबे ने बताया कि उक्त भूमि पर कॉलोनी का निर्माण बिना किसी वैधानिक स्वीकृति के किया जा रहा था। नगर निगम द्वारा पहले भी संबंधित कॉलोनाइज़र को नोटिस जारी किया गया था, लेकिन समयसीमा के भीतर कोई जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद नगर निगम ने कानून के मुताबिक कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्यों को तोड़फोड़ कर समाप्त कर दिया।


निगमायुक्त प्रीति यादव ने स्पष्ट किया है कि जो भी कॉलोनाइज़र बिना स्वीकृति के कॉलोनी विकसित करने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ बिना किसी रियायत के सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी अवैध कॉलोनियों पर नजर रखी जाए और समय रहते उचित कदम उठाए जाएं।

Post a Comment

Previous Post Next Post