Jabalpur Breaking News: शातिर बदमाश अब्दुल रज्जाक गैंग का फरार सदस्य गिरफ्तार, 15 हजार का था इनामी

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर की ओमती पुलिस ने अब्दुल रज्जाक गैंग से जुड़े एक और फरार शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी रविन्द्र पटेल, जो लंबे समय से फरार चल रहा था, को 15 हजार रुपए के इनाम के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, थाना ओमती में दर्ज गंभीर धाराओं वाले अपराध क्रमांक 101/2024 (धारा 147, 148, 149, 150, 458, 323, 324, 506, 327, 363, 365, 384, 386, 420, 395, 120बी भादवि) के तहत आरोपी रविन्द्र पटेल फरार था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पहले पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) द्वारा 10 हजार रुपए के इनाम की घोषणा की गई थी। लेकिन गिरफ्तारी न होने पर बाद में पुलिस उप महानिरीक्षक जबलपुर अतुल सिंह (भा.पु.से.) ने इनाम राशि बढ़ाकर 15 हजार रुपए कर दी थी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार आज दिनांक 31 जुलाई 2025 को एक विश्वसनीय मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर राईट टाउन स्थित हिमगिरी अपार्टमेंट, स्टेडियम रोड में दबिश दी गई। जहां से आरोपी रविन्द्र पटेल (पिता भूपत सिंह पटेल, उम्र 46 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी ओमती राजपाल बघेल, उप निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक रामजी, दीपक मिश्रा, आरक्षक शिव सिंह, सुनील पटेल, अश्विनी तथा महिला आरक्षक प्रमिला और प्रीति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post