दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत क्राइम ब्रांच, थाना शहपुरा और थाना गोरखपुर की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को गांजा की तस्करी करते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 6 किलो 880 ग्राम गांजा, एक बिना नंबर की एक्सिस स्कूटी और नकद ₹110 बरामद किए हैं।
पहली गिरफ्तारी - शहपुरा थाना क्षेत्र:
क्राइम ब्रांच और थाना शहपुरा की टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि नन्हे भाई चौधरी उर्फ करिया निवासी कैंथरा परछिया अपने घर में गांजा बेचने के लिए रखे हुए है। दबिश देकर उसके घर की तलाशी ली गई, जहां 4 किलो 60 ग्राम गांजा कीमती ₹81,000 जब्त किया गया। आरोपी से गांजे की सप्लाई के स्रोत के बारे में पूछताछ जारी है।
इस कार्रवाई में क्राइम ब्रांच के एएसआई प्रशांत सोलंकी, प्रधान आरक्षक मन्नू सिंह, त्रिलोक पारधी, डीएसबी के एएसआई धनंजय सिंह और सायबर सेल के उप निरीक्षक कपूर सिंह मरावी सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने उल्लेखनीय भूमिका निभाई।
दूसरी गिरफ्तारी - गोरखपुर थाना क्षेत्र:
बीती रात गोरखपुर थाना क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस ने युवराज उर्फ राज अहिरवार को नया शीलाकुंज पहाड़ी क्षेत्र से गांजे की एक खेप के साथ पकड़ा। उसके पास से 1 किलो 540 ग्राम गांजा और ₹110 नगद बरामद किए गए। पूछताछ में उसने बताया कि वह असरफ उर्फ कंजा के कहने पर गांजा बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा था।
तीसरी गिरफ्तारी - हाउबाग रोड से:
उसी रात हाउबाग रोड पर पुलिस ने एक बिना नंबर की स्कूटी को संदेह के आधार पर रोका। स्कूटी चला रहा युवक असरफ अंसारी निकला, जिसकी डिक्की से 1 किलो 280 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
गोरखपुर पुलिस द्वारा की गई इन दोनों कार्रवाइयों में कुल 2 किलो 820 ग्राम गांजा जिसकी कीमत लगभग ₹56,000 है, बरामद किया गया। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
इस कार्रवाई में रामपुर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक प्रभाकर सिंह, उप निरीक्षक चंद्रभान सिंह अंसोलिया, प्रधान आरक्षक रामयश शर्मा और अन्य स्टाफ की अहम भूमिका रही।
इन्होंने कहा
मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जिले में इस तरह की कार्रवाई भविष्य में भी सतत जारी रहेगी, ताकि युवाओं को नशे के चंगुल से दूर रखा जा सके। - संपत उपाध्याय पुलिस अधीक्षक