दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में आवारा मवेशियों की समस्या किस कदर गंभीर होती जा रही है, इसका एक हैरान कर देने वाला उदाहरण मंगलवार सुबह सूपाताल छुई खदान क्षेत्र में देखने को मिला। यहां एक गाय सड़क से सीधे एक मकान की छत पर चढ़ गई और सीमेंट की सीट तोड़ते हुए घर के अंदर पलंग पर आ गिरी। सौभाग्यवश उस समय कमरे में कोई मौजूद नहीं था, वरना यह घटना किसी बड़ी जनहानि में बदल सकती थी।
यह पूरी घटना तौसीफ खान के घर में घटी, जिनका मकान छुई खदान इलाके में स्थित है। घर की छत के ठीक ऊपर सड़क है, जिससे होकर आए दिन आवारा मवेशी छत पर चढ़ जाया करते हैं। मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे तौसीफ अपने बच्चे को स्कूल छोड़ने गए थे और उनकी पत्नी घर के अंदर दैनिक कार्यों में व्यस्त थीं। तभी अचानक तेज आवाज आई और पत्नी दौड़ते हुए कमरे में पहुंचीं, जहां देखा कि एक गाय सीमेंट की सीट तोड़कर पलंग पर गिरी पड़ी है।
गाय के गिरते ही पलंग पूरी तरह से टूट गया। घबराई हुई गाय घर के अंदर तैश में इधर-उधर दौड़ने लगी और रास्ते में पड़ा अन्य सामान भी तोड़ती हुई बाहर की ओर भाग निकली। इस दौरान कुर्सी समेत अन्य गृहस्थी का सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया।
तौसीफ खान ने बताया कि वह कुछ समय पहले ही उसी पलंग से उठे थे जिस पर गाय गिरी। अगर वह उस समय सो रहे होते, तो गंभीर चोट या जान का नुकसान भी हो सकता था। उनका यह भी कहना है कि अक्सर आवारा जानवर छत तक पहुंच जाते हैं, लेकिन यह पहली बार है जब कोई जानवर छत तोड़कर अंदर गिरा हो।