दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के हृदय में बसे 1058 हेक्टेयर क्षेत्रफल वाले देवताल पार्क का शनिवार को लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने निरीक्षण किया। उन्होंने करीब एक घंटे तक पार्क का भ्रमण किया और इसकी प्राकृतिक सुंदरता को सराहा। मंत्री ने कहा – "मैं प्रकृति की गोद में आया हूं, यह स्थान शहर के बीच एक बेहतरीन पर्यटन केंद्र बन सकता है।"
देवताल पार्क घने हरियाली, शांत वातावरण और जैव विविधता के लिए जाना जाता है। यहां पर्यटक वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक आवास में देख सकते हैं, जो इसे विशेष बनाता है। मानसून के दौरान पार्क हरियाली की चादर ओढ़ लेता है, जो लोगों को खासा आकर्षित करता है।
मंत्री राकेश सिंह ने घोषणा की कि रविवार को विस्तृत कार्ययोजना के साथ फिर से निरीक्षण किया जाएगा, जिसमें नगर निगम, पर्यटन विभाग, लोक निर्माण और राजस्व विभाग के अधिकारी शामिल रहेंगे। उद्देश्य है – पार्क का समग्र विकास और उसे जबलपुर का आकर्षक पर्यटन केंद्र बनाना।देवताल पार्क की सुंदरता के साथ एक कड़वा सच यह भी है कि यहां अपराधियों की छुपने की जगह रही है। जंगलों से लगे इस क्षेत्र में पहले कई अपराधिक घटनाएं भी हो चुकी हैं। अब सरकार की योजना है कि पार्क को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाया जाए ताकि यहां आने वाले पर्यटक पूरी तरह से सुरक्षित रहें।
Tags
jabalpur