दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना गढ़ा क्षेत्र में शनिवार रात मेडिकल अस्पताल के सामने मनोहर चाय दुकान पर चाकूबाजी की घटना हो गई। इंटरर्नशिप कर रहे विष्णु सुथार (24) निवासी शास्त्रीनगर तिलवारा ने बताया कि वह अपने सीनियर डॉक्टर रोहित सोलंकी (जूनियर रेसिडेंट, सतना मेडिकल कॉलेज) और साथी अंकित रघुवंशी के साथ चाय पीने गया था। इस दौरान वहां मौजूद एक युवक ने गाड़ी हटाने को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसके तीन साथी भी आ गए और मारपीट करने लगे।
विवाद बढ़ने पर काली टोपी और काली शर्ट पहने युवक ने चाकू से विष्णु पर हमला कर दिया, जिससे उसकी जांघ और बटक में गंभीर चोटें आईं। बीच बचाव में आए डॉक्टर रोहित सोलंकी पर भी हमला किया गया और उनकी बायीं जांघ में दो जगह चोट पहुंचाई गई। हमले के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 109(1), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
