Gwalior News: 'आप' जिलाध्यक्ष समेत 6 कार्यकर्ताओं पर FIR, कीचड़ से भरे गड्ढों में लगाया था बीजेपी का झंडा

दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर। आम आदमी पार्टी (आप) के जिलाध्यक्ष अमिताभ पांडे समेत छह कार्यकर्ताओं पर एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान उन्होंने कीचड़ से भरे गड्ढों में भाजपा का झंडा लगाया, जिससे भाजपा कार्यकर्ताओं की भावना आहत हुई। यह कार्रवाई प्रधान आरक्षक योगेंद्र सिंह सेंगर की शिकायत पर की गई है।

दरअसल, रविवार को आप कार्यकर्ताओं ने शहर की खराब सड़कों और उनमें भरे बारिश के पानी को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। गुढ़ा-गुढ़ी नाका स्थित काली माता मंदिर से बेटी बचाओ चौराहा तक पदयात्रा के दौरान प्रदर्शनकारियों ने गड्ढों में बैठकर और उनमें भाजपा का झंडा गाड़कर सरकार के खिलाफ विरोध जताया।

आप नेताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट सिटी की सड़कें भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई हैं। इस मार्ग पर पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा, पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता और वर्तमान मंत्री नारायण सिंह कुशवाह का निवास होने के बावजूद सड़कें बदहाल हैं।

आप जिलाध्यक्ष अमिताभ पांडे ने कहा कि यह भाजपा और पुलिस की तानाशाही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अब पूरे ग्वालियर शहर में बड़ा आंदोलन किया जाएगा और हर वार्ड में जाकर प्रदर्शन होगा।

सीएसपी रोबिन जैन ने बताया कि आम आदमी पार्टी के छह कार्यकर्ताओं पर मामला दर्ज किया गया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने भाजपा का झंडा कीचड़ में लगाकर कार्यकर्ताओं की भावना को आहत किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post