Jabalpur News: पूर्व सूबेदार मेजर विजय राय का निधन, 1965 और 1971 के युद्धों में लिया था हिस्सा, पिता आजाद हिंद फौज में थे

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। भारतीय सेना के पूर्व सूबेदार मेजर (रिटायर्ड) विजय कुमार राय का सोमवार को जबलपुर में निधन हो गया। 1962 में सेना में भर्ती हुए विजय राय ने 1965 और 1971 के युद्धों में हिस्सा लिया था। वे रांझी क्षेत्र के निवासी थे और उनका अंतिम संस्कार ग्वारीघाट में सैन्य सम्मान के साथ किया गया। सेना की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

विजय राय के पिता करीमन राय जमींदार थे, लेकिन ब्रिटिश फौज में जबरन भर्ती होने के बाद उन्होंने सुभाषचंद्र बोस की आजाद हिंद फौज जॉइन की थी। पिता के ही कहने पर विजय राय ने सेना में प्रवेश लिया।

विजय राय आर्मर ट्रेड में थे और हथियारों की मरम्मत व सुधार में माहिर थे। उन्होंने लाइट मशीन गन (LMG) में तकनीकी बदलाव कर उसे 180 डिग्री घूमने योग्य बनाया, जिसके लिए उन्हें सम्मानित भी किया गया।

1965 में उनकी पोस्टिंग फिरोजपुर, 1967 में लेह और 1971 में बंगाल में रही। 1992 में दिल्ली स्थित सेंट्रल ऑर्डनेंस डिपो (COD) से वे रिटायर हुए।

राय परिवार में तीन पीढ़ियों ने सेना में सेवा दी—करीमन राय ब्रिटिश व आजाद हिंद फौज में, विजय राय भारतीय सेना में, और उनके छोटे बेटे भारतभूषण राय AME में रहकर UN मिशन में भी शामिल हुए।

Post a Comment

Previous Post Next Post