दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। करोड़ों की डकैती कांड में जबलपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मास्टर माइंड समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में रईस लोधी निवासी पाटन, सोनू बर्मन निवासी इंद्राना, हेमराज सिंह निवासी उड़ना और विकास चक्रवर्ती शामिल हैं। हालांकि, घटना में शामिल वे आरोपी जो सोना लेकर फरार हो गए थे, अभी तक पुलिस की पकड़ से दूर हैं। उनकी तलाश में जबलपुर पुलिस की कई टीमें झारखंड और बिहार में लगातार दबिश दे रही हैं और संभावित ठिकानों पर निगरानी रखी जा रही है।
रईस लोधी था मास्टर माइंड
जांच में खुलासा हुआ है कि इस डकैती का मास्टर माइंड रईस लोधी ही था। उसने बिहार-झारखंड से डकैतों को बुलाया और उन्हें पूरे क्षेत्र की जानकारी दी। रईस ने यहां अपने कुछ विश्वासपात्र लोगों को भी शामिल कर उन्हें डकैती का पूरा प्लान समझाया। इतना ही नहीं, रईस और उसका साथी बबलू ठाकुर ही झारखंड से आए बदमाशों को आवश्यक सामान पहुंचाने का काम करते थे, ताकि वे स्थानीय दुकानों या अन्य स्थानों पर पहचाने न जा सकें।
पांच फरार आरोपियों की पहचान
पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल फरार पांचों आरोपियों की पहचान भी कर ली गई है। उन्हें पकड़ने के लिए बिहार और झारखंड में टीमें डेरा डाले हुए हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक ये आरोपी सोना लेकर दमोह से अलग-अलग दिशा में भाग गए थे और उसके बाद से एक-दूसरे के संपर्क में भी नहीं हैं।
मोबाइल बंद कर बचने की कोशिश
सोना लेकर भागे आरोपियों ने सबसे पहले अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए, ताकि लोकेशन ट्रेस न हो सके। फिलहाल पुलिस को कुछ तकनीकी और भौतिक साक्ष्य मिले हैं, जिनके आधार पर उनकी लोकेशन तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
लगातार दबिश जारी
पुलिस सूत्रों का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। इस मामले में जबलपुर पुलिस लगातार बिहार और झारखंड में सर्च ऑपरेशन चला रही है और स्थानीय पुलिस की भी मदद ली जा रही है। माना जा रहा है कि जिनके पास सोना है, वे आरोपी बहुत जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे।