MP News: 8 माह बाद पकड़ा गया युवक को गोली मारने वाला बदमाश, दो साथी फरार

दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर। जनकगंज क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर युवक को गोली मारने वाले बदमाशों की पहचान आखिरकार 8 महीने बाद हो गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से एक आरोपी शैलेन्द्र सिंह गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दो साथी अभी फरार हैं।

पेट्रोल पंप पर हुआ था विवाद

यह घटना 8 जनवरी 2025 की रात लक्ष्मीगंज स्थित पेट्रोल पंप पर हुई थी। 24 वर्षीय राजेन्द्र कुशवाह अपने दोस्त अख्तर की लोडिंग गाड़ी में डीजल भरवाने आया था। इसी दौरान प्लेटिना बाइक पर सवार तीन युवक पहुंचे और पंप कर्मचारियों से विवाद करने लगे। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने राइफल से फायरिंग की। गोली पंप कर्मचारी को न लगकर लोडिंग वाहन के पास खड़े राजेन्द्र के पैर में जा लगी।

CCTV फुटेज से मिली पहचान

वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस और क्राइम ब्रांच ने आसपास के 50 से ज्यादा CCTV कैमरे खंगाले। कुछ फुटेज में प्लेटिना बाइक पर तीन युवक और उनके पास राइफल दिखाई दी। इन्हीं सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।

दतिया से पकड़ा गया आरोपी

पुलिस ने जांच के बाद एक बदमाश की पहचान शैलेन्द्र सिंह पुत्र गब्बर सिंह गुर्जर, निवासी दतिया के रूप में की और उसे घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।

बाकी आरोपियों की तलाश जारी

जनकगंज थाना प्रभारी अतुल सिंह सोलंकी ने बताया कि शैलेन्द्र के दो साथी अभी फरार हैं। उनकी भी पहचान हो चुकी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post