दैनिक सांध्य बन्धु नई दिल्ली (एजेंसी)। बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर के बच्चे समायरा और कियान ने दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दाखिल कर अपने पिता संजय कपूर की 30,000 करोड़ रुपए की संपत्ति में हिस्सेदारी की मांग की है। बच्चों का आरोप है कि उनकी सौतेली मां प्रिया सचदेव कपूर (संजय की तीसरी पत्नी) ने जून 2025 में यूके में संजय कपूर की अचानक हुई मौत के बाद उनकी वसीयत में हेरफेर किया और पूरी संपत्ति पर कब्ज़ा करने की कोशिश की।
याचिका में दावा किया गया है कि विवादित वसीयत 21 मार्च 2025 को बनाई गई थी, जिसमें संजय की सारी संपत्ति प्रिया कपूर को दी गई। आरोप है कि यह वसीयत नकली और गढ़ी गई है तथा इसे सात हफ्तों तक छुपाया गया। प्रिया कपूर के साथ दो सहयोगियों—दिनेश अग्रवाल और नितिन शर्मा—पर भी वसीयत छिपाने और संपत्ति हड़पने की कोशिश का आरोप लगा है।
बच्चों ने अदालत से आग्रह किया है कि उन्हें कानूनी उत्तराधिकारी (Class I Legal Heirs) घोषित किया जाए और प्रत्येक को पिता की संपत्ति में एक-पांचवां हिस्सा मिले। साथ ही उन्होंने संजय कपूर की सभी व्यक्तिगत संपत्तियों को फ्रीज करने की मांग की है, जब तक मामला कोर्ट में लंबित है।
इस याचिका में प्रतिवादी के तौर पर प्रिया कपूर और उनका छोटा बेटा, संजय कपूर की मां रानी कपूर, तथा कथित वसीयत की निष्पादक श्रद्धा सूरी मरवाह को शामिल किया गया है।
गौरतलब है कि संजय की मां रानी कपूर पहले ही इस मामले पर सवाल उठा चुकी हैं। उन्होंने सोना कॉमस्टार और सेबी को पत्र लिखकर बेटे की मौत को संदिग्ध बताया था और आरोप लगाया था कि उन्हें कई दस्तावेजों पर दबाव डालकर हस्ताक्षर करवाए गए। वहीं, संजय की बहन मंधिरा कपूर ने भी कंपनी और संपत्ति विवाद पर कड़ा विरोध जताया और कहा कि उनके परिवार को जानबूझकर किनारे किया जा रहा है।
इस हाई-प्रोफाइल मामले की सुनवाई 10 सितंबर को दिल्ली हाई कोर्ट में होगी।
