दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। नवरात्र के पहले दरमियानी रात गुंडा-बदमाश, इनामी, फरार, हिस्ट्रीशीटर वारंटी, जिला बदर सहित अन्य अनैतिक गतिविधियों में संलिप्त अपराधी पर कार्रवाई करने और पुलिस की प्रभावी धसक बनाए रखने के लिए 36 थानों की पुलिस ने रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक कांबिंग गश्त की। एसपी सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले के सभी थानों के थाना प्रभारी बल के साथ एवं संभाग अधिकारियों ने मिलकर रात 12 बजे से शहर से लेकर देहात तक सर्चिग अभियान चलाया गया है। एएसपी सहित डीएसपी/सीएसपी ने सारी रात कांबिंग गश्त का सुपरवीजन किया। कांबिंग गश्त दौरान एसपी सम्पत उपाध्याय के निर्देश वारयलेस सेट पर देर रात तक मिलते रहे। इस मुहीम में संपत्ति संबंधी अपराधियों सहित लंबे समय से फरार की धरकपड़ की गई है।
कांबिंग गश्त का मकसद केवल कानून व्यवस्था को बनाए रखना है, जिससे शहर में अमन और शांति कायम रहे और बदमाशों में पुलिस का बना भय रहे। पुलिस ने रात में घूमने वालों को रोककर आवश्यक पूछताछ की। बाइक, कार सहित अन्य वाहनों की बारीकी से जांच की गई। वाहन चालकों से पूरी डिटेल नाम-पता मोबाइल नंबर और रात में जाने का कारण रजिस्टर में दर्ज किया गया। कांबिंग गश्त के दौरान पकड़े गए आरोपियों में पुलिस ने कई शातिर फरार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 2 बदमाशों को चाकू के साथ गिरफ्तार किया गया है। जिलाबदर के आरोपियों के घर में औचक निरीक्षण किया गया है। कांबिंग गश्त दौरान 105 स्थाई वारंट और 122 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए हैं।
