दैनिक सांध्य बन्धु रतलाम। सोमवार सुबह नगर निगम के कचरा वाहन से बछड़े का शव गिरने पर शहर में हंगामा खड़ा हो गया। घटना सागोद रोड स्थित जैन स्कूल के सामने की गली की है। जैसे ही लोगों को इस बात का पता चला, आक्रोश फैल गया। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और विरोध दर्ज कराया।
गेट पर ताला, पत्थर से तोड़ने की कोशिश
विरोध जताने लोग नगर निगम कार्यालय पहुंचे। अधिकारियों ने गेट पर ताला लगाकर रोकने की कोशिश की। इससे गुस्साए कार्यकर्ताओं ने पत्थर से ताला तोड़ने का प्रयास किया। मौके पर पुलिस तैनात रही।
बीच सड़क पर बछड़े का शव रखकर चक्काजाम
कार्रवाई न होते देख आक्रोशित लोगों ने नगर निगम तिराहे पर बछड़े का शव रखकर चक्काजाम कर दिया। सड़कों पर बैठकर नारेबाजी की।
निगम कमिश्नर और महापौर से हुई बहस
निगम कमिश्नर अनिल भाना ने आश्वासन दिया कि दोषियों पर कार्रवाई होगी। उन्होंने ड्राइवर सादिक कुरैशी और हेल्पर करण गौसर को सेवा से पृथक करने की बात कही। इस दौरान पदाधिकारियों और अधिकारियों के बीच जमकर बहस हुई। वहीं, महापौर प्रहलाद पटेल मौके पर पहुंचे तो उनके बयान पर भी हंगामा हुआ।
हाथापाई तक की नौबत
जांच के दौरान पदाधिकारियों ने ड्राइवर और हेल्पर पर रुपए लेकर शव फेंकने का आरोप लगाया। इस पर कहासुनी इतनी बढ़ी कि हाथापाई की स्थिति बन गई। पुलिस ने बीच-बचाव कर मामला संभाला।
विहिप का आरोप – सांठगांठ से हो रही घटनाएं
विहिप के जिला गौरक्षा प्रमुख योगेश चौहान ने आरोप लगाया कि निगम की सांठगांठ से गोपालकों पर कार्रवाई नहीं हो रही। एक माह में यह दूसरी घटना है।
लंबे हंगामे के बाद पुलिस और निगम अधिकारियों के आश्वासन पर लोग शांत हुए। बछड़े का शव निगम वाहन से गोशाला रवाना किया गया। कमिश्नर ने कहा कि जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


