दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के व्यस्ततम क्षेत्र निवाड़गंज बाजार में बुधवार दोपहर एक होटल में अचानक आग लग जाने से अफरा-तफरी मच गई। घटना दोपहर करीब 3 बजे की बताई जा रही है। जैसे ही आग की लपटें उठीं, आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। होटल में धुआं फैल जाने से कुछ समय के लिए बाजार में दहशत का माहौल बन गया था।
होटल संचालक सुरेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि वे होटल में समोसे बना रहे थे, तभी अचानक गैस सिलेंडर के पाइप से गैस लीक होने लगी और देखते ही देखते आग भड़क उठी। उन्होंने किसी तरह अपनी जान बचाई, लेकिन होटल के अंदर रखा करीब 50 हजार रुपए सामान जलकर खाक हो गया। हालांकि, सौभाग्य से कोई जनहानि नहीं हुई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने भी स्थिति का जायजा लिया और एहतियातन आसपास की दुकानों को कुछ देर के लिए खाली कराया गया।
