Jabalpur News: महिला सरपंच के जेठ का अपहरण कर जानलेवा हमला, रास्ते के विवाद ने गांव को दो गुटों में बांटा, तनाव बरकरार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। सिहोरा जनपद की ग्राम पंचायत झिंगरई में आम रास्ते पर कब्जे को लेकर वर्षों पुराना विवाद अब खूनी रूप ले चुका है। इसी विवाद के चलते गांव की महिला सरपंच के जेठ नंदप्रकाश का अपहरण कर उन पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल नंदप्रकाश के सिर में डॉक्टरों ने 40 से अधिक टांके लगाए हैं। फिलहाल उनका इलाज मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, बीते 20 वर्षों से पंचायत और कुछ कब्जाधारियों के बीच शासकीय रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था। हाल ही में न्यायालय का फैसला पंचायत के पक्ष में आने पर कब्जाधारियों को भूमि खाली करनी पड़ी। इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने नंदप्रकाश को अगवा कर अपने घर में बंद कर लिया और बेरहमी से पिटाई कर दी।

परिजनों व ग्रामीणों ने जब बचाने की कोशिश की तो घर का गेट बंद मिला। दरवाजा तोड़कर नंदप्रकाश को बचाया गया और गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया।

घटना के बाद थाना खितौला में मामला दर्ज कर लिया गया है, लेकिन ग्रामीणों ने पुलिस पर एकपक्षीय कार्रवाई का आरोप लगाया है।

पीड़ित पक्ष और सरपंच ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

फिलहाल गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस हालात पर कड़ी नजर रखे हुए है।

Post a Comment

Previous Post Next Post