दैनिक सांध्य बन्धु इंदौर। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना और संगीतकार पलाश मुछाल की शादी अब आधिकारिक तौर पर रद्द कर दी गई है। स्मृति मंधाना ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए यह जानकारी साझा करते हुए अपनी चुप्पी तोड़ी, वहीं पलाश मुछाल ने भी अलग स्टोरी में लिखा कि वह जिंदगी में “मूव ऑन” करेंगे।
स्मृति मंधाना ने अपने बयान में लिखा कि बीते कुछ समय से उनके निजी जीवन को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं, इसलिए वह सच्चाई सामने रखना जरूरी समझती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शादी रद्द कर दी गई है और वह इस विषय को यहीं समाप्त करना चाहती हैं। साथ ही उन्होंने मीडिया और लोगों से दोनों परिवारों की निजता का सम्मान करने की अपील की।
मंधाना ने कहा कि उनका मुख्य फोकस हमेशा की तरह देश के लिए क्रिकेट खेलना और भारत को ऊंचाई पर ले जाना रहेगा। उन्होंने अपने फैंस के समर्थन के लिए धन्यवाद देते हुए लिखा कि अब आगे बढ़ने का समय है।
वहीं पलाश मुछाल ने लिखा कि वह इस कठिन दौर के बाद अपनी जिंदगी में आगे बढ़ेंगे। उन्होंने अफवाहों और बिना स्रोत की खबरों पर लोगों की प्रतिक्रियाओं को दुखद बताया और कहा कि इस पूरे मामले को वह गरिमा के साथ संभालेंगे। पलाश ने यह भी स्पष्ट किया कि गलत और मानहानिकारक खबरें फैलाने वालों के खिलाफ उनकी टीम सख्त कार्रवाई करेगी।
गौरतलब है कि स्मृति और पलाश की शादी 23 नवंबर को होने वाली थी। 22 नवंबर को सांगली स्थित मंधाना फार्म हाउस में मेहंदी और संगीत समारोह भी आयोजित किया गया था। हालांकि उसी दिन स्मृति मंधाना के पिता की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके चलते शादी स्थगित करनी पड़ी। बाद में पलाश की तबीयत भी खराब होने की खबर सामने आई।
करीब छह साल तक चले रिश्ते के बाद दोनों शादी के बंधन में बंधने वाले थे। दोनों की मुलाकात 2019 में मुंबई में एक दोस्त के जरिए हुई थी और 2024 में उन्होंने अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया था। लेकिन हालिया घटनाक्रम के बाद अब यह रिश्ता शादी तक नहीं पहुंच सका।
