दैनिक सांध्य बन्धु शिवपुरी। शिवपुरी जिले के पिछोर थाने में थाना प्रभारी (TI) उमेश उपाध्याय पर एक LLB छात्र के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। छात्र FIR दर्ज कराने थाने पहुंचा था। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें TI और छात्र के बीच बहस व मारपीट होती दिखाई दे रही है।
घटना शनिवार रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। पीड़ित छात्र क्षितिज पाठक (24) पिछोर का रहने वाला है और शिवपुरी में LLB की पढ़ाई कर रहा है। उसके पिता रविंद्र पाठक एडवोकेट हैं और भाजपा से जुड़े बताए जा रहे हैं। क्षितिज पूर्व में ABVP से भी जुड़ा रहा है।
FIR लिखवाने पहुंचा था थाने
क्षितिज के अनुसार, वह शनिवार शाम शिवपुरी से पिछोर अपने घर लौटा था। उसके दोस्त फरहान ने अपने साथ हुए झगड़े की जानकारी देते हुए थाने चलने को कहा। जब दोनों पिछोर थाने पहुंचे, तब वहां दो पुलिसकर्मी मौजूद थे। उसी दौरान सिविल ड्रेस में TI उमेश उपाध्याय थाने आए और FIR दर्ज कराने की बात पर विवाद हो गया।
गाली-गलौज के बाद मारपीट का आरोप
क्षितिज का आरोप है कि बहस के दौरान TI ने पहले गाली-गलौज की और फिर चप्पल से उसकी पिटाई की। वीडियो में भी TI को चप्पल हाथ में लेकर मारते हुए देखा जा रहा है।
रातभर थाने में रखा, शांतिभंग का केस
पीड़ित का कहना है कि मारपीट के बाद उसे रातभर थाने में बंद रखा गया और वहीं दोबारा पीटा गया। इसके बाद उस पर धारा 151 के तहत शांतिभंग का मामला दर्ज कर लिया गया। रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे परिजनों ने उसकी जमानत कराई।
क्षितिज ने यह भी आरोप लगाया कि जमानत के बाद उस पर अपनी गलती स्वीकार करने और वीडियो से मुकरने का दबाव बनाया जा रहा है।
TI ने आरोपों से किया इनकार
वहीं, थाना प्रभारी उमेश उपाध्याय ने सभी आरोपों को झूठा बताया है। उनका कहना है कि वायरल वीडियो AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से बनाया गया है।
जांच के आदेश
पिछोर SDOP प्रशांत शर्मा ने कहा है कि मामला उनके संज्ञान में है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags
madhya pradesh
