MP News: इंदौर में सीजिंग एजेंट की चाकू मारकर हत्या, युवती से बातचीत के विवाद में चार आरोपी गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु इंदौर। इंदौर के द्वारकापुरी और अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र की सीमा पर सोमवार देर रात एक सीजिंग एजेंट की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात में एक युवती, उसका प्रेमी और दो अन्य युवक शामिल पाए गए हैं। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतक की पहचान यश पिता प्रदीप भान, निवासी द्वारकापुरी के रूप में हुई है, जो सीजिंग एजेंट का काम करता था। पुलिस के अनुसार सोमवार रात करीब डेढ़ बजे आरोपी युवती चारू परदेशी, उसका बॉयफ्रेंड रोहित और उनके दो साथी पीयूष व ईश्वर ने यश को फूटी कोठी के पास मिलने बुलाया। यश के साथ उसका दोस्त विक्रम भी मौजूद था। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने यश पर तीन से अधिक बार चाकू से हमला कर दिया।

गंभीर रूप से घायल यश को दोस्त विक्रम अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के कुछ ही घंटों बाद पुलिस ने चारू परदेशी और रोहित को गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ के बाद अन्य दो आरोपी पीयूष और ईश्वर को उज्जैन से पकड़ा गया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि एक दिन पहले पान की दुकान पर सिगरेट पीने के दौरान चारू और यश के बीच कमेंट को लेकर विवाद हुआ था। दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे। इसी विवाद को सुलझाने के बहाने यश को बुलाया गया, लेकिन बात बढ़कर हत्या में बदल गई।

चारू परदेशी सोशल मीडिया पर एक्टिव है और इंस्टाग्राम पर उसके करीब 54 हजार फॉलोअर्स हैं। हत्या के बाद सभी आरोपी खाटू श्याम की ओर भागने की फिराक में थे, लेकिन मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने उन्हें ट्रेस कर लिया।

घटना स्थल से महज 100 मीटर की दूरी पर पुलिस चेकिंग पॉइंट होने के बावजूद वारदात को अंजाम दिया गया। थाना सीमा को लेकर कुछ समय तक असमंजस की स्थिति भी बनी रही।

डीसीपी जोन-4 आनंद कल्यादगी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवती से बातचीत को लेकर हुआ विवाद ही हत्या का कारण सामने आया है। मामले में ईश्वर को मुख्य आरोपी बताया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post