विराट कोहली ने परिवार संग सिंहाचलम मंदिर में किए दर्शन, वॉशिंगटन सुंदर भी रहे मौजूद

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) विशाखापट्टनम। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज़ विराट कोहली ने रविवार को अपने परिवार और टीम के ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर के साथ विशाखापट्टनम स्थित प्रसिद्ध सिंहाचलम मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इस दौरान कोहली पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होते नजर आए, जिनका वीडियो सामने आया है।

करीब 2 मिनट 36 सेकेंड के वीडियो में विराट कोहली मंदिर परिसर में पूजा-पाठ करते और पारंपरिक कप्पस्थम्भम अलिंगनम (पवित्र स्तंभ को गले लगाने की परंपरा) निभाते दिखे। उनके साथ वॉशिंगटन सुंदर भी मौजूद थे। मंदिर प्रशासन के अनुसार, विराट पूरे परिवार के साथ दर्शन करने आए थे, हालांकि तस्वीरों और वीडियो में अनुष्का शर्मा और बच्चे नजर नहीं आए।

भगवान नरसिंह के किए दर्शन

सिंहाचलम मंदिर में विराट कोहली ने भगवान विष्णु के नरसिंह अवतार के दर्शन किए। पुजारियों ने वेद मंत्रों के साथ वेद आशीर्वाद पाठ किया। कोहली फूल-माला के साथ मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना के बाद सभी को प्रणाम किया। दर्शन के बाद उन्हें देवस्थानम की ओर से भगवान का चित्र, प्रसाद और पवित्र वस्त्र भेंट किया गया।

वॉशिंगटन सुंदर ने भी निभाया धार्मिक अनुष्ठान

भारतीय ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर ने भी पवित्र स्तंभ को गले लगाने की परंपरा निभाई। मंदिर के पुजारियों ने उन्हें तिलक लगाया और आशीर्वाद दिया। इस दौरान अन्य खिलाड़ी भी मंदिर परिसर में मौजूद रहे।

शानदार फॉर्म में हैं कोहली

क्रिकेट के मोर्चे पर विराट कोहली ने हाल ही में साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज़ में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने दो शतकों की मदद से 151.00 की औसत से 302 रन बनाए। तीसरे वनडे में कोहली ने नाबाद 66 रन की पारी खेली, जिसमें भारत ने 9 विकेट से जीत दर्ज की।

इस साल धार्मिक स्थलों के कई दौरे

इससे पहले विराट कोहली और अनुष्का शर्मा मई में अयोध्या गए थे, जहां दोनों ने रामलला और हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन किए। इसके अलावा टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट की घोषणा के बाद विराट तीसरी बार वृंदावन पहुंचे और प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की। वहां उन्होंने आश्रम में समय बिताया और आध्यात्मिक चर्चा की।

Post a Comment

Previous Post Next Post